भिवानी | PUBLISHED BY: GARIMA-TIMES | PUBLISHED ON: 01 JUL, 2022
मृतक विजय प्रकाश का फाइल फोटो, जोहड़ में शव
चरखी-दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव पांडवान स्थित जोहड़ में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान गांव पांडवान निवासी विजय प्रकाश के रूप में हुई है। मृतक के सिर पर चोट के निशान है। जिसके चलते स्वजनों ने हत्या की आशंका जताई है। दादरी सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आज दादरी के सरकारी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
जानकारी के अनुसार गांव पांडवान निवासी करीब 49 वर्षीय विजय प्रकाश खेतीबाड़ी करता था। बुधवार रात को वह घर से खेत के लिए गया था। लेकिन रात को वह घर वापिस नहीं लौटा। सुबह स्वजनों ने उसकी तलाश भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे किसी ग्रामीण ने गांव के जोहड़ में एक व्यक्ति का शव देखा। जिसके बाद उसने शव की जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी।
सूचना पाकर दादरी सदर थाना पुलिस भी गांव में पहुंची। जिसके बाद शव को जोहड़ से बाहर निकाला गया। इस दौरान मृतक की पहचान विजय प्रकाश के रूप में हुई। घटना की जानकारी पाकर विजय प्रकाश का बेटा अजय भी वहां पहुंच गया था। शुरूआती जांच में सामने आया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान है। ऐसे में स्वजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब, एफएसएल टीम को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया गया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भिजवाया गया। मृतक के बेटे अजय ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके पिता के सिर पर चोट मारकर हत्या करने के बाद शव को खुर्द बुर्द करने के लिए जोहड़ में डाल दिया।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी जगजीत सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे अजय के बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 201 व 302 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।