दिल्ली , देश | PUBLISHED BY: ANU | PUBLISHED ON: 02 JUL, 2022
Delhi में 75 जगहों पर बूथ शुरू करने जा रही है पुलिस
दिल्ली में जल्द ही 75 जगहों पर पुलिस बूथ शुरू करने जा रही है। इसे जल्द ही लोगों के लिए खोला जाएगा, ताकि बेहतर सुविधा मुहैया कराई जा सके। पुलिस बूथ लोगों के संबंधित पुलिस स्टेशनों से जुड़े हुए हैं और पुलिस स्टेशनों की तरफ से दी जाने वाली सभी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। 'हर बूथ में एक ई-एफआईआर कियोस्क होगा, जहां लोग खुद अपनी ई-एफआईआर, संपत्ति को हुए नुकसान और लापता हुए व्यक्तियों के बारे में रिपोर्ट लिख सकते हैं। साथ ही किरायेदार या नौकर सत्यापन फॉर्म की रसीद भी प्राप्त कर सकते हैं। फिलहाल 75 बूथ खोले जा रहे हैं और आने वाले में इतनी ही संख्या में और बूथ खोलने का प्रस्ताव है।
बता दे कि ये पुलिस बूथ ज्यादातर समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं के लिए मददगार होंगे, जो अपने घरों से दूरी सहित कई कारणों से पुलिस थानों में जाने से हिचकिचाते हैं। बूथ क्षेत्र पुलिस बल की विजिबिलिटी बढ़ाएंगे, क्योंकि इन्हें चिरपरिचित स्थानों पर स्थापित किया जा रहा है, जहां वर्तमान में स्थायी पुलिस की तैनाती नहीं होती है। हर बूथ में पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों के लिए शॉर्ट ब्रेक वाला वातानुकूलित विश्राम क्षेत्र, शौचालय और चेंजिंग रूम हैं। स्टोरेज के लिए लॉकर भी लगाए गए हैं और बूथ में काम करने वाली पेंट्री भी उपलब्ध है। ये बूथ क्षेत्र में तैनात सभी कर्मियों के लिए उपलब्ध होंगी, जिनमें बीट पेट्रोलिंग कर्मचारी, यातायात कर्मी और पिकेट ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी शामिल हैं।