अंबाला | PUBLISHED BY: GARIMA-TIMES | PUBLISHED ON: 02 JUL, 2022
सांकेतिक चित्र
यमुनानगर। प्रेमिका को मैसेज करने पर दो दोस्तों के बीच विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि मैसेज करने वाले दोस्त ने विवाद की रंजिश में अपने ही दोस्त पर गोलियां चला दी। दो गोलियां युवक की टांग में लगी जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया और गोली मारने वाले आरोपित फरार हो गए। मामला यमुनानगर के थाना छप्पर थाना क्षेत्र के गांव लंढौरा का है। फायरिंग लंढौरा निवासी कश्मीर सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से रोड छप्पर निवासी सिमरनजीत सिंह पर की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित कश्मीर सिंह ने सिमरनजीत की प्रेमिका को मैसेज कर दिया था। जिससे उनके बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में यह वारदात हुई। फिलहाल पुलिस पड़ताल में लगी है। घायल सिमरनजीत सिंह को मुलाना के अस्पताल में दाखिल कराया गया।
सिमरनजीत सिंह व कश्मीर सिंह दोनों दोस्त हैं। छह दिन पहले कश्मीर सिंह ने सिमरनजीत सिंह की प्रेमिका को फोन पर मैसेज कर दिया। जिसको लेकर दोनों के बीच तनातनी हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। जिसमें उनका समझौता भी हो गया था। इसके बाद लंढौरा में सिमरनजीत सिंह गया हुआ था। वहां पर वह कश्मीर सिंह, जसवंत सिंह व एक अन्य दोस्त के साथ बैठा हुआ था। यहां पर फिर से उनके बीच कहासुनी हो गई।
दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इतने में कश्मीर सिंह घर से बंदूक लेकर आया और फायरिंग कर दी। जिसमें दो गोली उसके पैरों पर लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, तो आरोपित वहां से भाग निकले। घायल सिमरनजीत सिंह को अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की।
पुलिस के मुताबिक, कश्मीर सिंह का खुद भी पारिवारिक विवाद चल रहा है। वह शादीशुदा है और उसके पास दो बेटियां हैं। जबकि विवाद के चलते उसकी पत्नी छोड़कर चली गई। वहीं पीड़ित सिमरनजीत सिंह भी कोई काम धंधा नहीं करता है। आपस में यह सभी दोस्त हैं। इसी दौरान उनके बीच विवाद हो गया। थाना छप्पर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि घायल सिमरनजीत सिंह को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। अभी तक यही सामने आया है कि युवती को मैसेज भेजने पर यह विवाद हुआ था।