हरियाणा , राजस्थान , दिल्ली | PUBLISHED BY: MANOJ THAYAT | PUBLISHED ON: 03 JUL, 2022
हरियाणा से गुजरेगा सबसे लंबा इलेक्ट्रिक हाईवे
Delhi-Jaipur Electric Highway: गुरुग्राम | दिल्ली और जयपुर के बीच बनने जा रहे सबसे लंबे इलेक्ट्रिक हाईवे के ट्रायल का दूसरा फेस 9 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। यह ट्रायल 30 दिनों तक चलेगा। 200 किलोमीटर के इस मार्ग को नेशनल हाईवे फॉर इलेक्ट्रिक व्हीकल (NHEV) के रूप में विकसित किया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी कई बार कह चुके हैं कि उनका मंत्रालय दिल्ली से जयपुर तक बनने जा रहे इलेक्ट्रिक हाईवे के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
हरियाणा प्रदेश के लोगों के लिए अच्छी खबर यह है कि विश्व का सबसे लंबा इलेक्ट्रिक हाईवे गुरुग्राम से होकर गुजरेगा। पहले इस हाईवे का स्टार्टिंग प्वाइंट गुरुग्राम ही था लेकिन अब उसे दिल्ली के इंडिया गेट तक बढ़ा दिया गया है। हाईवे के गुरुग्राम के गुजरने से जिले समेत हरियाणा के अन्य लोगों को कई प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। राजधानी दिल्ली और राजस्थान के साथ प्रदेश की कनेक्टिविटी बढ़ेगी। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या भी राज्य में बढ़ेगी जिससे प्रदूषण में कमी आएगी। ईवी हाईवे कई प्रकार की नई तकनीक से लैस होगा।
9 सितंबर से होगा ट्रायल शुरू
अब तक प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सबसे लंबे इलेक्ट्रिक वाहन हाईवे के ट्रायल का दूसरा फेस 9 सितंबर से शुरू होगा जो कि 8 अक्टूबर तक चलेगा। ट्रायल के सफल होने के बाद धीरे-धीरे हाईवे पर इलेक्ट्रिक व्हीकल चलाए जाएंगे। जानकारी के लिए बता दें कि दिल्ली और जयपुर के बीच सबसे अधिक इलेक्ट्रिक गाड़ियां गुरुग्राम में ही है। हरियाणा सरकार में गुरुग्राम जिले में इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए चरणबद्ध तरीके से चार्जिंग प्वाइंट बनाने की घोषणा की है। हरियाणा सरकार का लक्ष्य गुरुग्राम को ईवी हब बनाने का है। यह कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले समय में गुरुग्राम इलेक्ट्रिक वाहनों वाला शहर होगा।