हरियाणा | PUBLISHED BY: MANOJ THAYAT | PUBLISHED ON: 03 JUL, 2022
हरियाणा के इस जिले को मिलेंगे 12 नई बसें
Haryana Roadways: कैथल | हरियाणा रोडवेज में बसों की कमी के कारण कई रूटों पर बस सेवा बंद है। जिससे यात्रीगणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए हरियाणा रोडवेज के कैथल बस डिपो में 12 नई बसों को शामिल किया जा रहा है। इन नई बसों को खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। जल्दी ही कैथल रोडवेज डिपो में 12 नई बसें शामिल होंगी।
हरियाणा परिवहन विभाग मुख्यालय की ओर से 12 नई बसों की खरीद के लिए कैथल रोडवेज डिपो के खाते में तीन करोड़ 72 लाख की राशि जमा कर दी गई है। इस राशि से कैथल रोडवेज विभाग 12 नई बसें खरीदेगा। हरियाणा रोडवेज की एक बस की कीमत करीब 31 लाख रूपये है। कैथल रोडवेज विभाग प्राप्त राशि को हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन के खाते में ट्रांसफर करेगा। उसके बाद बसों को कैथल रोडवेज डिपो भेज दिया जाएगा।
कैथल रोडवेज डिपो में कुल 109 बसें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा रोडवेज के कैथल डिपो में इस समय 109 बसें हैं। गौरतलब बात यह है कि डिपो में अभी यूरो 4 मॉडल की बसें हैं जो प्रदूषण ज्यादा फैलाती है। लेकिन अब कैथल डिपो जिन बसों की खरीदारी करेगा वे यूरो 6 होंगी जिनसे प्रदूषण काफी कम होता है। अगस्त के पहले सप्ताह तक कैथल रोडवेज डिपो में नई बसों की पहुंचने की संभावना है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इन नई बसों में यात्रियों को ई-टिकटिंग की सुविधा भी मिलेगी।
लंबे रूटों पर चलेंगी नई बसें
बसों की कमी होने के कारण हरियाणा रोडवेज के कई रूटों की सेवा बंद की गई है। कुछ समय पहले तक कैथल से जयपुर और हरिद्वार के लिए बस चलती थी लेकिन बसों की कमी होने के कारण सेवा बंद कर दी गई। वही कैथल से राजधानी दिल्ली की रूट पर पहले के मुकाबले कम बसें चल रही है। बताया जा रहा है कि नई बसों के आने के बाद जिन रूटों पर बसों की सेवा बंद की गई है उन्हें पुनः संचालित किया जाएगा।