राजस्थान , देश | PUBLISHED BY: VANDANA UPADHYAY | PUBLISHED ON: 03 JAN, 2022
जयपुर : राजस्थान के नागौर से एक मामला सामने आ रहा है, जहां मौत भी इन पति-पत्नी के प्यार को जुदा नहीं कर पायी। साथ जिये और साथ ही मरे। पति की मौत के कुछ मिनटों बाद ही पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। अंतिम संस्कार की सारी रस्में दोनों बेटियों ने निभाई।
आइये जानते हैं क्या है पूरा मामला
नागौर के रूण गांव के रहने वाले 78 वर्षीय राणाराम सेन को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इलाज के लिए उन्हें पहले नागौर और इसके बाद जोधपुर में ले जाया गया। लेकिन बीते रविवार की सुबह 4 बजे जोधपुर में उनकी मौत हो गई। सुबह 8 बजे राणाराम का शव उनके घर पर पहुंचा। जैसे ही उनकी पत्नी भंवरी देवी ने अपने पति का शव देखा। वो ये सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाईं और उन्होंने भी दुनिया छोड़ दी। राणाराम और भंवरी देवी दोनों की दो बेटियां हैं और दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। गांव वालों ने बताया कि राणाराम सेन गांव के ही शनिदेव मंदिर में पूजा पाठ करते थे। उनकी मौत से गांव में शोक का माहौल है।
गांव के लोगों ने बताया कि 58 साल पहले राणाराम सेन और भंवरी देवी की शादी हुई थी। दोनों एक दूसरे से बहुत प्यार करते थे। भंवरी देवी अपने पति का बहुत ख्याल रखती थीं।