28 Dec, 2020 | Haryana Punjab | garima times
लुधियाना। सतलुज-यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर भाजपा ने अपना स्टैंड साफ कर दिया। लुधियाना में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने दाे टूक कहा कि पंजाब के पास पानी की एक बूंद भी नहीं है तो हरियाणा को कहां से पानी देंगे। भाजपा पंजाब के पानी के साथ है। पंजाब के पानी पर पहला हक पंजाबियाें का है। किसानों के खेतों में पानी नहीं है ऐसे में किसी और को पानी दिए जाने का वह किसी भी हाल में समर्थन नहीं करते।
किसानों के दिल्ली कूच के समय हरियाणा सरकार की कार्रवाई पर महज शर्मा ने इतना कहा कि सरकार इससे बच सकती थी। बता दें कि हरियाणा की खट्टर सरकार लगातार पंजाब से पानी देने की मांग कर रही है। पंजाब की सियासी पार्टियां लगातार हरियाणा को पानी देने का विरोध करती रही लेकिन पंजाब भाजपा अब तक इस मुद्दे पर खुलकर नहीं बोली।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा नेताओं के घरों के बाहर 31 जगह धरने लगे हैं। रोज भाजपा नेताओं को मां - बहन की गालियां दी जा रही हैं। पुलिस तीन माह से मूकदर्शक बनकर बैठी है। अटल जयंती पर पुलिस ने 27 जगहों पर यह कहकर कार्यक्रम बंद करवा दिए कि किसान आ गए हैं। बठिंडा में भी भाजपा के कार्यक्रम में लाठियां लेकर पहुंची पुलिस ने कहा कि किसान आ गए हैैं। अश्वनी शर्मा ने कहा कि भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नाम लिखकर शिकायत दी लेकिन पुलिस ने शिकायत के बजाय खुद ही संज्ञान लेकर पर्चा दर्ज कर दिया।